Monday | Sep 07, 2026
The Raw File

रात के अंधेरे में मुख्यमंत्री की दिल्ली उड़ान…

हाथ में फाइल, रात की उड़ान… क्या दिल्ली से लौटकर बदलेगी छत्तीसगढ़ की सियासी तस्वीर?

दिल्ली/रायपुर/ मोदी सरकार में मंत्रिमंडल में फेरबदल की चर्चाओं के बीच छत्तीसगढ़ में भी साय मंत्रिमंडल में फेरबदल की अटकलें एक बार फिर तेज हो गई हैं। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि सरकार और संगठन के स्तर पर मंत्रियों के कामकाज का फीडबैक लिया जा रहा है।

26-27 अगस्त को भाजपा संगठन की बैठकों में मंत्रियों और प्रभारी मंत्रियों के कामकाज, जिलों में सक्रियता, संगठन के साथ तालमेल और कार्यकर्ताओं के फीडबैक पर चर्चा होने की खबरों ने इन अटकलों को और हवा दी है।
इसी बीच दिल्ली के भरोसेमंद सूत्रों के हवाले से खबर है कि 27 अगस्त की रात मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय अचानक दिल्ली पहुंचे थे और वहां संगठन के महत्वपूर्ण लोगों के साथ उनकी बैठक हुई। बैठक का आधिकारिक एजेंडा सार्वजनिक नहीं हुआ है, इसलिए यह कहना जल्दबाजी होगी कि इसमें मंत्रिमंडल फेरबदल को लेकर कोई अंतिम फैसला हुआ, लेकिन मुख्यमंत्री का अचानक दिल्ली दौरा कई राजनीतिक सवाल जरूर खड़े करता है।

क्या छत्तीसगढ़ में भी बदलने वाले मंत्रियों की सूची तैयार हो चुकी है? किसका रिपोर्ट कार्ड पास हुआ और कौन फेल? किसका विभाग बदलेगा, किसका कद बढ़ेगा और किसका घटेगा? क्या किसी मंत्री का डिमोशन होगा, किसी को प्रमोशन मिलेगा या फिर कोई नया चेहरा सरकार में शामिल होगा? क्षेत्रीय और सामाजिक समीकरणों को साधने के लिए क्या मंत्रिमंडल की तस्वीर बदली जाएगी? और सबसे अहम सवाल ये है अगर दिल्ली में मोदी मंत्रिमंडल में बदलाव होता है तो छत्तीसगढ़ से केंद्र में कौन सा नया चेहरा जगह बनाएगा?
इन सवालों के जवाब फिलहाल आधिकारिक तौर पर सामने नहीं आए हैं, लेकिन दिल्ली और रायपुर में एक साथ चल रही राजनीतिक हलचल को महज संयोग मानना भी मुश्किल है। संगठन की समीक्षा, मंत्रियों का फीडबैक और मुख्यमंत्री का अचानक दिल्ली दौरा इस बात के संकेत जरूर दे रहे हैं कि सत्ता और संगठन के स्तर पर मंथन का दौर शुरू हो चुका है।

अब देखना होगा कि यह मंथन सिर्फ समीक्षा तक सीमित रहता है या जल्द ही इसका असर साय सरकार के मंत्रिमंडल की तस्वीर में भी दिखाई देता है। कुल मिलाकर छत्तीसगढ़ की राजनीति में अब निगाहें दिल्ली पर टिकी है क्योंकि अगर वहां से हरी झंडी मिलती है, तो रायपुर में कुछ चेहरों की किस्मत बदल सकती है।
कौन पास, कौन फेल, किसका प्रमोशन, किसका डिमोशन और किस नए चेहरे की होगी एंट्री इन सभी सवालों का जवाब आने वाले दिनों में सामने आने की संभावना है।

@देवेंद्र किशोर गुप्ता


Raw File



संबंधित खबरें