Wednesday | Jul 08, 2026
The Raw File

गांव से विश्व मंच तक गूंजी आवाज, अब स्कूल के नाम में अमर होंगी तीजन बाई

तीजन बाई के सम्मान में बड़ा फैसला, गनियारी का सरकारी हाईस्कूल अब उनके नाम से जाना जाएगा

रायपुर। छत्तीसगढ़ की विश्वविख्यात पंडवाणी गायिका और पद्म विभूषण से सम्मानित तीजन बाई की अमूल्य सांस्कृतिक विरासत को चिरस्थायी बनाने की दिशा में राज्य सरकार ने महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। उनके गृहग्राम गनियारी स्थित शासकीय हाईस्कूल का नामकरण डॉ. तीजन बाई के नाम पर किए जाने की प्रक्रिया शुरू की गई है। इस संबंध में शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने फेसबुक पोस्ट में नोट शीट की कॉपी शेयर की है।

स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव को पत्र लिखकर नामकरण की घोषणा को क्रियान्वित करने के लिए शीघ्र प्रस्ताव प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।

मंत्री ने अपने पत्र में कहा है कि छत्तीसगढ़ की विश्व प्रसिद्ध पंडवानी गायिका एवं पद्म विभूषण डॉ. तीजन बाई ने अपनी सशक्त आवाज, प्रभावशाली अभिनय और अनोखी प्रस्तुति शैली से पंडवानी को देश ही नहीं, बल्कि विदेशों में भी नई पहचान दिलाई। उनके सम्मान में पाटन विकासखंड के ग्राम गनियारी में संचालित शासकीय हाईस्कूल का नामकरण उनके नाम पर किए जाने की घोषणा की गई है।

सरकार का यह निर्णय केवल एक विद्यालय के नामकरण तक सीमित नहीं है, बल्कि छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोककला और सांस्कृतिक परंपरा के प्रति सम्मान का प्रतीक है। जिस धरती से तीजन बाई ने अपनी कला यात्रा शुरू कर पंडवानी को विश्व मंच तक पहुंचाया, उसी क्षेत्र का विद्यालय अब नई पीढ़ी को उनके संघर्ष, साधना और उपलब्धियों की याद दिलाता रहेगा।

यह पहल विद्यार्थियों को अपनी जड़ों, लोकसंस्कृति और प्रदेश की महान विभूतियों से परिचित कराने का माध्यम भी बनेगी। आने वाली पीढ़ियों के लिए स्व. तीजन बाई का नाम केवल पंडवानी की पहचान नहीं, बल्कि यह संदेश भी रहेगा कि लोककला की साधना से गांव की मिट्टी से निकलकर दुनिया के मंच तक पहुंचा जा सकता है।


Raw File



संबंधित खबरें