उन्नाव/ कभी टेंपो और ऑटो चलाने वाले श्रवण कुमार विश्वकर्मा आज उत्तर प्रदेश की अपनी एयरलाइन शुरू करने जा रहे हैं। शंख एयर जनवरी के पहले पखवाड़े, यानी 15 जनवरी के आसपास अपनी उड़ानें शुरू करने की तैयारी में है।
एयरलाइन के चेयरमैन श्रवण कुमार विश्वकर्मा उन्नाव के रहने वाले हैं। पढ़ाई में मन न लगने के बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी। ऑटो चलाया, छोटे बिजनेस किए, कई असफलताएं झेलीं, लेकिन 2014 के बाद सीमेंट, माइनिंग और ट्रांसपोर्ट सेक्टर में मजबूत पहचान बनाई। आज उनके पास 400 से ज्यादा ट्रकों का बेड़ा है।
उनका सपना साफ है-आम आदमी के लिए सस्ती हवाई यात्रा। वे कहते हैं, “विमान भी बस या टेंपो जैसा ही एक साधन है, कोई लग्ज़री नहीं।” इसी सोच के साथ उन्होंने दावा किया है कि पीक सीजन और त्योहारों में भी किराए नहीं बढ़ाए जाएंगे।
शंख नाम उनकी ट्रेडिंग कंपनी से जुड़ा है और इसका सांस्कृतिक महत्व भी है। फंडिंग को लेकर उनका कहना है कि पैरेंट कंपनी का पूरा समर्थन है, विमान लीज़ और फाइनेंस पर लिए गए हैं और संसाधनों की कोई कमी नहीं है। भविष्य में 2028-29 से अंतरराष्ट्रीय उड़ानों की योजना भी है।
यह कहानी सिर्फ एक एयरलाइन की नहीं, बल्कि हौसले, मेहनत और बड़े सपनों की उड़ान है-जहां जमीन से आसमान तक का सफर संभव हुआ।